भास्कर संवाददाता | श्रीगंगानगर नीट-यूजी परीक्षा में होने वाली गड़बड़ियों और संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) और प्रशासन इस बार अभूतपूर्व सख्ती बरत रहा है। पेपर लीक और डमी कैंडिडेट के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पहली बार जिले सहित प्रदेशभर के सभी सरकारी और प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में परीक्षा के दिन सेल्फ-लॉकडाउन जैसी स्थिति रहेगी। अकसर देखा गया है कि नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं में सॉल्वर गैंग या डमी कैंडिडेट के रूप में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्र शामिल होते हैं। इसी आशंका को खत्म करने के लिए प्रशासन ने आदेश जारी किए हैं कि परीक्षा के दिन यानी 3 मई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मेडिकल कॉलेज का कोई भी छात्र कॉलेज परिसर से बाहर नहीं जा सकेगा। मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी-2026 का आयोजन 3 मई यानी रविवार को जिले के 5 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। जिले के परीक्षा केंद्रों पर जैमर और सीसीटीवी से निगरानी होगी। स्थानीय मेडिकल कॉलेज प्रशासन को भी अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस की विशेष शाखाएं भी सोशल मीडिया और संदिग्ध मोबाइल नंबरों पर नजर रख रही हैं ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर या पेपर लीक की अफवाह न फैले। बता दें कि जिला मुख्यालय पर दो मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। इसमें पहला सूरतगढ़ रोड स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज हैं। दूसरा हनुमानगढ़ रोड स्थित टांटिया मेडिकल कॉलेज है। नीट परीक्षा पर गत वर्षों में काफी बवाल हुआ था। खासकर नीट यूजी 2024 परीक्षा में पेपर लीक का मामला सामने आया था। बिहार में लगभग 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें चार उम्मीदवार और उनके परिवार के सदस्य शामिल पाए गए थे। परीक्षा में बड़े बटन, कढ़ाई या भारी डिजाइन वाले कपड़े पहनकर न जाएं : विद्यार्थियों को सिर्फ आधी आस्तीन यानी हाफ स्लीव के हल्के कपड़े पहनने की अनुमति है। बड़े बटन, कढ़ाई या भारी डिजाइन वाले कपड़े पहनकर न जाएं। जूतों पर सख्त पाबंदी है। सिर्फ चप्पल या सैंडल (कम हील वाली) ही पहनें। सेंटर पर घड़ी, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लेकर जाना अनुमत नहीं है। ईयर रिंग्स, अंगूठी, चेन या किसी भी तरह के गहने पहनने पर पाबंदी रहेगी। परीक्षा केंद्रों के 300 मीटर के दायरे में अनधिकृत व्यक्तियों की नो एंट्री, फोटोस्टेट-साइबर कैफे की दुकानें बंद रहेंगी : इस परीक्षा के लिए 2128 अभ्यर्थियों को पंजीकृत किया गया है। परीक्षा में नकल पर रोक लगाने के लिए कड़े प्रशासनिक प्रबंध किए गए हैं। इस बार भी परीक्षा का संपूर्ण नियंत्रण सरकारी तंत्र के हाथों में रहेगा। इस बार परीक्षा केंद्रों के 300 मीटर के दायरे को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है। परीक्षा प्रकोष्ठ के जिला समन्वयक भूपेश शर्मा ने बताया कि नीट यूजी-2026 के क्रम में परीक्षार्थी को एडमिट कार्ड, मूल पहचान-पत्र और पोस्टकार्ड साइज की फोटो के साथ केंद्र पर 11 बजे रिपोर्ट करना होगा। 1:30 बजे गेट बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगी। 720 अंकों के इस पेपर में कुल 180 सवाल पूछे जाएंगे। इसमें भौतिकी व रसायन के 45-45 तथा जीव विज्ञान के 90 प्रश्न शामिल रहेंगे।