धौलपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से जारी RAS-2024 के परिणाम में जिले के करीब 7 अभ्यर्थी सफल रहे हैं। दांदीपुरा निवासी सचिन गुर्जर ने मात्र 23 साल की उम्र में MBC वर्ग में प्रथम रैंक हासिल की है। सचिन का चयन एसडीएम पद के लिए हुआ है। पिता भूपसिंह ने बताया कि यह उनका दूसरा प्रयास था। इससे पहले वर्ष 2023 में उनका चयन उद्योग विभाग में हुआ था,लेकिन उन्होंने बड़ा लक्ष्य तय कर तैयारी जारी रखी। प्रियंका गुर्जर: राजाखेड़ा के प्यारे का पुरा की रहने वाली प्रियंका गुर्जर ने नौकरी और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाकर सफलता हासिल की। वर्ष 2021 से अध्यापिका के पद पर कार्यरत प्रियंका ने अपने दूसरे प्रयास में MBC महिला वर्ग में प्रदेश में 10वीं रैंक हासिल की। स्कूल की जिम्मेदारियों के बाद देर रात तक पढ़ाई करना उनकी दिनचर्या थी। नरेंद्र कुमार: बसई नवाब क्षेत्र के गाव सिंघोरा निवासी नरेंद्र कुमार पुत्र पूरन सिंह जाटव ने बिना कोचिंग,बिना बड़े शहर जाए, घर पर रहकर ही पहले प्रयास में 411 वीं रैंक हासिल की। किसान परिवार से आने वाले नरेंद्र ने सीमित संसाधनों में तैयारी की लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। जितेंद्र कंसाना: कोटरा निवासी जितेंद्र कंसाना पुत्र रामबाबू ने भी पहली ही कोशिश में 604वीं रैंक हासिल की है। किसान परिवार से आने वाले जितेंद्र ने खेत और किताब, दोनों के बीच संतुलन बनाकर तैयारी की। गांव के माहौल में पढ़ाई के लिए सुविधाएं कम थीं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। आशु शर्मा: वहीं सरमथुरा के बरौली निवासी आशु शर्मा ने 212वीं रैंक हासिल कर परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। पिता भगवान दास किसान हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। वर्ष 2023 में आशु का चयन जयपुर सचिवालय में लिपिक पद पर हुआ था,लेकिन उन्होंने अधिकारी बनने का सपना नहीं छोड़ा। प्रिया शर्मा: सैमरा निवासी प्रिया शर्मा पुत्री सतीश शर्मा ने फिर से 352वी रैंक हासिल की है जबकि 2023 में इसी परीक्षा में 686 की रैंक आई थी। प्रिया के दोबारा से RAS परीक्षा में रैंक सुधार करते हुए 352 वीं रैंक हासिल की। प्रिया के पिता सतीश शर्मा ने बताया कि उनकी बेटी इस समय भरतपुर में रसद विभाग में परिवर्तन निरीक्षक के पद पर कार्यरत है। अरिमर्दन सिंह: पथैना के अरिमर्दन सिंह ने दूसरे प्रयास में 65 वीं रैंक हासिल की है। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2023 में इस परीक्षा में 565 वीं रैंक हासिल की थी और वह कोऑपरेटिव में इंस्पेक्टर थे।