नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने सोमवार को जेईई मेन 2026 (सेशन-1 और सेशन-2) का संयुक्त परिणाम जारी कर दिया। इस बार 26 स्टूडेंट्स ने 100 पर्सेंटाइल हासिल किए, लेकिन पूरे देश में 300 में से 300 अंक सिर्फ कोटा के एलन कोचिंग के कबीर छिल्लर को मिले। इसी के साथ कबीर ऑल इंडिया टॉपर रहे और कोटा ने लगातार दूसरी बार AIR-1 दिया। अप्रैल सेशन-25 में भी कोटा के ओमप्रकाश बेहरा टॉपर थे। जनवरी सेशन में 12 स्टूडेंट्स को 100 पर्सेंटाइल मिले थे, जो अप्रैल में बढ़कर 26 हो गए। ये टॉपर्स 11 राज्यों से हैं, जिनमें आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से सबसे ज्यादा 5-5 और राजस्थान से 4 छात्र शामिल हैं। राजस्थान के टॉपर्स में कबीर छिल्लर, अर्णव गौतम, यशवर्धन और चिरंजीव कर शामिल हैं। कटऑफ पांच साल में सबसे ज्यादा, पेपर आसान का असर इस बार जेईई एडवांस के लिए कट-ऑफ पिछले पांच साल में सबसे अधिक रही। जनरल की 93.4123549, ईडब्ल्यूएस की 82.4164528, ओबीसी की 80.9232583, एससी की 63.9172792, एसटी की 52.0174712, दिव्यांग स्टूडेंट्स की 0.0023186 पर्सेंटाइल कटऑफ रही। भास्कर एनालिसिस - टॉप में जेंडर गैप... 34% छात्राएं, पर 100 पर्सेंटाइल में एक भी नहीं 15 लाख 38 हजार 468 में से 5 लाख 31 हजार 593 छात्राएं (34.55%) होने के बावजूद 100 पर्सेंटाइल में एक भी छात्रा नहीं है। तेलंगाना की मल्लवरापु आसना ने 99.9982287 पर्सेंटाइल के साथ टॉप किया। अन्य में हरियाणा की आशी ग्रेवाल (99.9969766), राजस्थान की सौम्या गुप्ता (99.9965185) शामिल हैं। कैटेगरी ट्रेंड - 26 में 24 जनरल, SC-ST शून्य 100 पर्सेंटाइल वाले 26 स्टूडेंट्स में 24 जनरल कैटेगरी से हैं, जबकि ओबीसी और ईडब्ल्यूएस के 1-1 छात्र हैं। एससी और एसटी कैटेगरी से कोई भी छात्र 100 पर्सेंटाइल में नहीं पहुंचा। आधे से ज्यादा टॉपर्स आंध्र, राजस्थान और तेलंगाना से 2019 से 2026 तक के आंकड़ों में भी 100 पर्सेंटाइल पाने वालों में तेलंगाना, राजस्थान, आंध्र का लगातार दबदबा बना हुआ है। 60-70% टॉप स्कोरर इन्हीं तीन राज्यों से आते हैं।