नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शनिवार शाम सवाई माधोपुर में जिला कांग्रेस कमेटी ने विजय मार्च निकाला। बामनवास विधायक और कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंदिरा मीणा की अगुवाई में मार्च रेलवे स्टेशन से शुरू होकर अंबेडकर सर्किल पहुंचा। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखा और कैंडल जलाकर नीट पेपर लीक को लेकर आत्महत्या करने वाले छात्र-छात्राओं को श्रद्धांजलि दी। इंदिरा मीणा बोलीं- सिर्फ इस्तीफे से काम नहीं चलेगा, पेपर लीक पर कड़ा कानून और जवाबदेही तय करनी होगी। रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ विजय मार्च कांग्रेस का विजय मार्च शनिवार शाम रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ। बामनवास विधायक और कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंदिरा मीणा की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ता मार्च करते हुए अंबेडकर सर्किल पहुंचे। अंबेडकर सर्किल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखा। इसके बाद कैंडल जलाकर नीट परीक्षा पेपर लीक को लेकर आत्महत्या करने वाले छात्र-छात्राओं को श्रद्धांजलि दी। इंदिरा मीणा बोलीं- युवा शक्ति के सामने सरकार को झुकना पड़ा बामनवास विधायक इंदिरा मीणा ने कहा कि युवा शक्ति के सामने मोदी सरकार को आखिरकार झुकना पड़ा और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने इसे युवा शक्ति की जीत बताया। इंदिरा मीणा ने कहा कि पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पिछले दो साल से लगातार आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अहंकार में डूबी मोदी सरकार अपनी गलती मानने को तैयार नहीं थी। उन्होंने कहा कि इस बार मोदी सरकार का यह अहंकार भी टूट गया है। इंदिरा मीणा ने कहा कि भाजपा के लोग कहते थे कि मोदी सरकार में बैक गियर नहीं होता और वह आगे की तरफ देखकर ही चलती है। लेकिन जेन जी की शक्ति के आगे इस बार मोदी सरकार को बैक गियर लगाना पड़ा और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की मांगों के आगे झुकना पड़ा। बोलीं- सिर्फ इस्तीफे से काम नहीं चलेगा इंदिरा मीणा ने कहा कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफा देने से ही सब कुछ नहीं होगा। पेपर लीक को लेकर जो कानून बनाया जा रहा है, उसे कड़ा करना पड़ेगा और जवाबदेही तय करनी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा छात्रों के साथ खड़ी रही है और जरूरत पड़ने पर भविष्य में भी छात्रों के साथ खड़ी रहेगी।