भास्कर न्यूज | सादुलपुर रेलवे में नौकरी लगाने का झांसा देकर दो युवकों के साथ 30 लाख रुपए की धोखाधड़ी किए जाने को लेकर पुलिस थाने में मामला दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार मान सिंह पुत्र रामशरण मेघवाल निवासी राघा बड़ी ने रिपोर्ट दी कि वह चैनपुरा छोटा में वर्ष 2015 से शिक्षक के पद पर कार्यरत है। गांव में पद स्थापन होने के कारण सुरेश कुमार विश्नोई से उसकी जान पहचान हो गई। रिपोर्ट के अनुसार जुलाई 2023 में सुरेश कुमार ने बताया कि रोहताश कुमार पुत्र मदनलाल निवासी कुलोठ खुर्द, सूरजगढ़ (झुंझुनूं) उसका परिचित है और बच्चों को रेलवे में नौकरी लगवाता है। सुरेश ने कहा कि 15 लाख रुपए प्रति व्यक्ति के हिसाब से रेलवे में नौकरी लगवा देंगे और काम नहीं बनने पर रुपए वापस देंगे। उसने अपने बेटे ललित और सत्यवीर सिंह धानक निवासी कालरी के बेटे मोहित को स्टेशन मास्टर की नौकरी दिलवाने के लिए रोहताश कुमार के मोबाइल पर अगस्त 2023 से जुलाई 2024 तक कुल 21 लाख 85 हजार रुपए भेज दिए। 8 लाख 15 हजार रुपए नकद दे दिए। गत 13 अप्रैल को रोहताश से रुपए वापस देने की बात की, तो उसने रुपए वापस देने और नौकरी दिलवाने से इनकार कर दिया।