झालावाड़| जिले के सरकारी स्कूलों में डेढ़ करोड़ रुपए से होने वाले 37 कार्यों के काम नए शिक्षा सत्र में भी शुरू नहीं हो पाएंगे। मंगलवार को तीसरी बार ठेकेदारों ने टेंडर कार्यों का बहिष्कार कर दिया है। यहां पर एक भी कॉपी नहीं डल पाई है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत स्कूलों में मरम्मत सहित अन्य काम होने हैं। ठेकेदारों का कहना है कि उनका 7 करेाड़ और 9 करोड़ के पुराने कार्यों का भुगतान नहीं हो पा रहा है। इसी के चलते वह एक भी टेंडर नहीं डालेंगे। प्रशासन की ओर से इन किए गए कार्यों की जांच शुरू कर दी है। जांच अभी तक पूरी नहीं हो पाई है और न ही इसकी रिपोर्ट आ पाई है। नतीजा है कि ठेकेदारों का भुगतान नहीं हो पा रहा है। अभी प्रशासन की ओर से पीडब्ल्यूडी से पुराने कामों की जांच करवाई जा रही है। इसमें चार ब्लॉकों की जांच हो गई है। अब फिर से जिला परिषद सीईओ की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर जांच करवाई जा रही है। इन जांच रिपोर्ट के बाद ही ठेकेदारों का भुगतान हो सकेगा। ठेकेदारों ने मांग की है कि जल्द जांच कर भुगतान किया जाए।