भास्कर न्यूज| बारां राजस्थान लोक सेवा आयोग की वरिष्ठ अध्यापक प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पश्चिम मध्य रेलवे ने 12 से 18 जुलाई तक प्रतिदिन दो जोड़ी परीक्षा स्पेशल अनारक्षित ट्रेनों के संचालन का निर्णय किया है। इन ट्रेनों के संचालन से बारां, अटरू, अंता, छबड़ा, झालावाड़ और आसपास के क्षेत्रों के हजारों अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र कोटा तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 09803/09804 अकलेरा-कोटा-अकलेरा तथा गाड़ी संख्या 09802/09801 छबड़ा गुगोर-सोगरिया-छबड़ा गुगोर के बीच विशेष ट्रेनों का संचालन होगा। सभी ट्रेनें अनारक्षित श्रेणी की होंगी। जिले के छबड़ा गुगोर से चलने वाली परीक्षा स्पेशल ट्रेन सुबह 4:30 बजे रवाना होकर बारां स्टेशन पर सुबह 5:30 बजे, अंता पर 6:03 बजे आएगी। यहां से सुबह 7:30 बजे सोगरिया पहुंचेगी। वहीं वापसी में सोगरिया से शाम 7:15 बजे रवाना होकर बारां रात 8:26 बजे पहुंचेगी। रात 10 बजे छबड़ा गुगोर पहुंचेगी। अकलेरा-कोटा स्पेशल ट्रेन सुबह 3:05 बजे अकलेरा से रवाना होकर सुबह 6:25 बजे कोटा पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन रात 8:30 बजे कोटा से चलकर रात 12:25 बजे अकलेरा पहुंचेगी। प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त स्टाफ रहेगा रेल प्रशासन ने बताया कि परीक्षा अवधि में भीड़ प्रबंधन के लिए प्रमुख स्टेशनों पर टिकट जांच कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल के अतिरिक्त जवान तैनात किए जाएंगे। अभ्यर्थियों से टिकट लेकर यात्रा करने और परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का उपयोग करने की अपील की गई है।