पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में मोहनगढ़ व नाचना थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर जीएसएस ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी व चोरी का तेल बरामद किया। घटना 13 अक्टूबर की अलसुबह की है। चाहड़ू 33/11 केवी जीएसएस पर तैनात कर्मचारियों ने आरोपियों को ट्रांसफॉर्मर से तेल चुराते रंगेहाथ पकड़ा। रोकने पर आरोपियों ने कर्मचारियों पर पिकअप चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया। आरोपी फरार हो गए। तेल चोरी से क्षेत्र में बिजली व्यवस्था ठप हो गई। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पोकरण एएसपी वीरेंद्रसिंह व नाचना डीएसपी किशनसिंह राठौड़ के सुपरविजन में मोहनगढ़ थानाधिकारी गुमानसिंह व नाचना थानाधिकारी सुमेरदान के नेतृत्व में टीमें गठित की गईं। नाकाबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर भी गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस टीमों ने पीछा कर घेराबंदी की। तीनों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य व इनामी बदमाश अभयसिंह पलीणा, सुरेंद्रसिंह पडियाल व पिंटू राणीसर शामिल हैं। आरोपियों ने पूछताछ में कई अन्य वारदातें कबूल की हैं। न्यायालय से रिमांड प्राप्त कर पुलिस अनुसंधान कर रही है। मोहनगढ़ पुलिस थाना द्वारा जीएसएस ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी के मामले में पकड़े गए आरोपी आदतन अपराधी व नकबजन निकले।दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग जिलों में 43 आपराधिक मामले दर्ज हैं। मुख्य आरोपी अभयसिंह लोहावट थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ फलोदी, जैसलमेर, बीकानेर, बालोतरा व नागौर सहित विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, डकैती, लूट, विद्युत अधिनियम व आर्म्स एक्ट के 28 प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन हैं।