भरतपुर| सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को अनुशासित बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस ने 4 जून से 30 जून 2026 तक विशेष यातायात अभियान चलाया। अभियान के दौरान जिलेभर में सघन वाहन जांच कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इस अवधि में पुलिस ने 4,483 वाहनों के चालान कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने उन वाहनों को विशेष रुप से चिन्हित किया जिनमें नियमों के विपरीत बदलाव किए गए थे या जिनका उपयोग यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए किया जा रहा था। अभियान के तहत नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाने वाले 1,227 वाहनों, ब्लैक फिल्म लगी 1,090 गाड़ियों, प्रेशर हॉर्न और एयर हॉर्न का उपयोग करने वाले 841 वाहनों, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट और हूटर लगे 761 वाहनों, अनाधिकृत शब्द, चिन्ह और लेखन वाले 461 वाहनों तथा वाहनों की बॉडी या चेसिस में अवैध परिवर्तन करने वाले 103 वाहनों के चालान किए गए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना भी है। उन्होंने कहा कि वाहनों में अवैध संशोधन, प्रेशर हॉर्न, ब्लैक फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और अनधिकृत लाल-नीली बत्तियों का उपयोग न केवल मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि यह सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। एसपी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने वाहनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप रखें, यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें।