भास्कर न्यूज | दौसा जिले में गुरुवार शाम कई जगह बारिश हुई। लालसोट में सबसे अधिक 46 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा निर्झरना में 39, मोरेल डेम पर 19, दौसा में 16, राहुवास में 15, रामगढ़ पचवारा में 6, लवाण में 5 और नांगल राजावतान में 2 मिमी बारिश दर्ज हुई। बारिश के कारण दिन के तापमान में करीब 3 डिग्री की गिरावट आई। इससे बांधों में पानी की आवक बढ़ने की उम्मीद है। जिला मुख्यालय पर शाम पौने 4 बजे बारिश शुरू हुई। यह करीब पौने घंटे तक रुक-रुककर होती रही। इसके बाद देर शाम फिर हल्की बारिश शुरू हो गई। शाम 5 बजे तक दौसा में 16 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के दौरान शहर में कई जगह सड़कों पर पानी जमा हो गया। मौसम में बदलाव से लोगों को उमस से भी कुछ राहत मिली। बारिश के कारण खेतों में कटी पड़ी बाजरे की फसल भीग गई। किसानों के अनुसार इन दिनों कई जगह बाजरे की फसल कटाई के बाद खेतों में पड़ी है। ऐसे में अचानक हुई बारिश से फसल में नमी आने के कारण नुकसान की आशंका है। बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्सियस था। गुरुवार को अधिकतम तापमान घटकर 31.3 डिग्री और न्यूनतम 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानी अधिकतम तापमान में 3 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.8 डिग्री की गिरावट आई। जिले में अब तक 516.44 मिमी औसत बारिश दर्ज हो चुकी है। यह सामान्य बारिश का 77.66 प्रतिशत है। बारिश से जिले के बांधों में पानी की आवक बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने जिले में अगले दो दिन भी बारिश की संभावना जताई है। इससे खेतों में खड़ी फसलों के साथ कटाई के बाद खुले में रखी फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है।