भास्कर न्यूज | दौसा खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने गुरुवार को दौसा जिले में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। सीएमएचओ डॉ. सीताराम मीणा ने बताया कि दौसा शहर में रेलवे स्टेशन के सामने मानगंज स्थित जैन ट्रेडिंग कंपनी का निरीक्षण किया गया। यहां एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री मिली। इसमें करीब साढ़े 86 किलो पैक्ड बादाम केसर, पैक्ड गार्लिक-जिंजर पेस्ट, शॉप-पैक्ड आलू भुजिया, पैक्ड बादाम, पैक्ड सॉस (हेल्थी लाइफ), पैक्ड जीरा, पैक्ड चना और पैक्ड रसगुल्ला शामिल थे। इन्हें नष्ट कराया गया। इसके अलावा दुकान पर बेचे जा रहे देशी घी का 15 किलो का नमूना लिया गया। शेष साढ़े 86 किलो घी को सीज किया गया। कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद सैनी के नेतृत्व में हुई। एफएसओ सैनी ने बताया कि निरीक्षण के आधार पर ट्रेडर्स को इम्प्रूवमेंट नोटिस दिया जाएगा। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामअवतार बैरवा, सुमित्रा कुमारी जाट और मीना सिंघल भी शामिल रहे। दौसा शहर में ही डोमिनोज पिज्जा में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों के पृथक्करण को लेकर मिल रही शिकायत पर जांच की गई। यहां से दो नमूने लिए गए। वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों का नियमानुसार पूर्ण रूप से पृथक्करण रखने की हिदायत दी गई। सुधार नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के नेतृत्व में सिकंदरा और बांदीकुई में भी विभिन्न फर्मों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान मिश्रित दूध, सरसों के तेल और लाल मिर्च के नमूने लिए गए। संबंधित फर्मों को सुधार के लिए नोटिस दिए जाएंगे।