भास्कर न्यूज | अलवर एनईबी थाना क्षेत्र में मकान निर्माण के दौरान काम अधूरा छोड़ने और भुगतान के विवाद को लेकर कारपेंटरों ने मकान मालिक और उसके पोते पर सरिए व डंडों से हमला कर दिया। घटना रविवार देर शाम नमन होटल तिराहा के पास हुई। मामला सोमवार को दर्ज कराया गया। हमले में मांगेलाल सैनी (62) और उनका पोता दक्ष सैनी (24) गंभीर घायल हो गए। दक्ष के सिर में गंभीर चोट लगी। मांगेलाल के पैरों में चोटें आई हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें आरोपी सरेआम दादा-पोते को जमीन पर गिराकर डंडों और सरियों से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल दक्ष सैनी पुत्र योगेश सैनी ने बताया कि नमन होटल तिराहा स्थित कन्हैया स्वीट्स के पीछे उनका मकान बन रहा है। मकान में कारपेंटर रामोतार जांगिड़ और विष्णु फर्नीचर, दरवाजे और खिड़कियों का काम कर रहे थे। उन्होंने काम बीच में ही अधूरा छोड़ दिया। कई बार कहने के बावजूद काम पूरा नहीं किया गया। इसके बाद परिवार ने दूसरे कारपेंटर से काम शुरू करा दिया। दक्ष के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर रामोतार जांगिड़ और विष्णु घर पहुंचे। उन्होंने पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने फोन कर 5 से 7 अन्य लोगों को बुला लिया। इनमें महिलाएं भी शामिल थीं। आरोप है कि सभी ने मिलकर पहले मांगेलाल के साथ मारपीट की। उन्हें सरिए से पीटा। दादा को बचाने पहुंचे दक्ष पर भी डंडों से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। पुलिस कंट्रोल रूम पर फोन किया गया। संपर्क नहीं हो सका।