भास्कर न्यूज | झालावाड़ बकानी थाना क्षेत्र के कुशलपुरा गांव में रविवार रात एक युवक ने रेजर से अपने ही गले और पेट पर वार कर दिए। जिसमें वह गंभीर घायल हो गया। परिजनों ने उसे पहले बकानी के सरकारी अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुशलपुरा निवासी दयानंद पुत्र मांगीलाल तंवर ने शराब के नशे में अपने गले और पेट पर रेजर से कई बार वार किए। रात करीब 8 बजे जब दयानंद सो रहा था, तभी उसकी बुआ के बेटे ने उसके शरीर से खून बहता देखा। परिजन तत्काल उसे बकानी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उसका उपचार जारी है।घटना की सूचना संबंधित पुलिस थाने को दे दी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।