लांबाहरिसिंह | केकड़ी रोड स्थित चित्तौड़ा भैरु के सामने शनिवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। अन्नपूर्णा क्रेशर देवल से पत्थर भरकर आ रहा एक डंपर पुरानी पुलिया के क्षतिग्रस्त पाइप टूटने और सड़क का हिस्सा धंसने से किनारे की खाई में पलट गया। हादसे में डंपर गहरे गड्ढे में गिर गया, जिससे उसके कांच टूट गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे वह बाल-बाल बच गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले एक साल से सड़क निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है। सड़क की खुदाई के कारण आए दिन वाहन चालक घायल हो रहे हैं। वर्तमान में ठेकेदार द्वारा पुलिया के एक ओर सीमेंट ब्लॉक लगाने का कार्य किया जा रहा है, जबकि दूसरी ओर से वाहनों की आवाजाही जारी है। इसी दौरान पुलिया क्षतिग्रस्त होने से यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने विभाग और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मौके पर न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए और न ही वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई।