जिले में पैसे दोगुना करने का लालच देकर ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। शुक्रवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी गई पूरी राशि 4 लाख 35 हजार रुपए बरामद कर ली गई। दैनिक भास्कर में शुक्रवार को “कंबल से नोटों की बारिश कर पैसा दुगना का झांसा देता, फिर मौत का ड्रामा कर पीड़ित को भगा देता” शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद एसपी ने मामले में संज्ञान लिया। इसके बाद प्रशिक्षु आरपीएस नरेश कुमार चनेजा के नेतृत्व में डीएसटी व थाना कामां पुलिस की टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए पप्पू, अरमान, अल्ताब और अकमू उर्फ हकमुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी दिनेश यादव ने बताया कि परिवादी राजेंद्र सिंह सोलंकी निवासी अजमेर को एक अज्ञात कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को गुरुजी से जुड़ा बताकर पैसे दोगुना करने का झांसा दिया। विश्वास में लेने के बाद उसे खेडली जल्लो क्षेत्र में बुलाया गया। यहां पहले से स्क्रिप्ट के अनुसार नाटक रचा गया, जिसमें छोटे कद के बाबा, मंत्र-तंत्र और चमत्कार दिखाने का ड्रामा करने लगा । झांसे में आकर परिवादी ने 4.35 लाख रुपए आरोपियों को दे दिए। इसके बाद आरोपियों ने डर का माहौल बनाकर उसे वहां से भगा दिया। मामला दर्ज होते ही पुलिस सक्रिय हुई और दबिश देकर आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि ये आरोपी पिछले 10 साल से इसी तरीके से ठगी कर रहा था।