अजमेर में एक महिला के साथ नौकरी दिलाने का झांसा देकर रेप करने और फिर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपी उसके पति का परिचित था और घर पर आना-जाना करता था। इसी दौरान उसने उसे नौकरी दिलाने का लालच दिया। आरोप है कि एक दिन रेस्टोरेंट में बुलाकर आरोपी ने अश्लील हरकतें कीं और घटना का वीडियो बना लिया। इसके बाद वह वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार दबाव बनाता रहा। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने अलग-अलग तारीखों पर विभिन्न स्थानों पर ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी उसे ब्लैकमेल करता रहा और डर के कारण वह लंबे समय तक चुप रही। बाद में हिम्मत जुटाकर उसने अपने पति को पूरी घटना बताई और पुलिस में शिकायत दी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी के परिजनों ने उसे चुप रहने के लिए धमकाया और झूठे मामलों में फंसाने की चेतावनी दी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।