बांसवाड़ा के राज तालाब थाना क्षेत्र में लोधा तालाब के पास शुक्रवार देर रात पेपर रोल से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गया। ट्रक चालक के अनुसार सामने आई कार को बचाने के प्रयास में वाहन का संतुलन बिगड़ गया। हादसे में ट्रक चालक और उसका साथी सुरक्षित बच गए। स्विफ्ट कार को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा ट्रक चालक अजय ने बताया कि वह मध्य प्रदेश के नागदा से पेपर रोल भरकर गुजरात के मेहसाणा जा रहा था। शुक्रवार रात करीब 12 बजे लोधा तालाब के पास अचानक सामने एक स्विफ्ट कार आ गई। कार सवारों को टक्कर से बचाने के लिए उसने ट्रक को तुरंत सड़क के किनारे मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक सीधे लोधा तालाब में पलट गया। हादसे के समय ट्रक में बड़ी मात्रा में पेपर रोल लदे हुए थे। ट्रक तालाब में पलटने के बाद उसका सामान भी प्रभावित हुआ। हालांकि हादसे में किसी अन्य वाहन या राहगीर को नुकसान नहीं पहुंचा। चालक और साथी सुरक्षित बाहर निकले हादसे के समय ट्रक में चालक अजय के साथ उसका साथी मेहुल भी मौजूद था। दोनों ट्रक के पलटने के बाद सुरक्षित बाहर निकल आए। गनीमत रही कि दोनों को किसी प्रकार की चोट नहीं आई और इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घटना की सूचना मिलते ही राज तालाब थाने के एएसआई मदनलाल पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ट्रक के तालाब में गिरने के कारणों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने हादसे से जुड़े तथ्यों को दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही ट्रक को तालाब से बाहर निकालने और यातायात व्यवस्था सामान्य बनाए रखने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।