भास्कर न्यूज | बारां नीट यूजी परीक्षा 2026 के संचालन के लिए कलेक्टर भंवरलाल जनागल की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा बैठक गुरूवार को आयोजित की। इसमें अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित बैठक में आगामी 3 मई को आयोजित होने वाली परीक्षा के सुव्यवस्थित व कदाचार मुक्त संचालन की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। कलेक्टर भंवरलाल जनागल ने बैठक में परीक्षा के दायित्व से जुड़े अधिकारियों को पूर्ण संवेदनशीलता के साथ परीक्षा का आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण परीक्षा के सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक, पुलिस, शिक्षा विभाग व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों सहित परीक्षा केंद्र अधीक्षक आपसी समन्वय बनाते हुए पूरी सावधानी के साथ परीक्षा करवाएं। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर निर्धारित संख्या में पुलिस बल की तैनाती हो। केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की बारीकी से तलाशी ली जाए। गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर छाया व पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही बिजली सप्लाई की भी निर्बाध व्यवस्था रहे। सभी परीक्षा केंद्रों पर ओआरएस सहित प्राथमिक चिकित्सा सुविधा की भी उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से भी लगातार निगरानी रखी जाए। बैठक में एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि परीक्षा दिवस पर सभी केंद्रों पर पुलिस जाप्ते के माध्यम से सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था रखी जाएगी। साथ ही पुलिस गश्ती दल भी निरंतर सक्रिय रहेंगे। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।