भास्कर न्यूज | बाड़मेर जोधपुर विद्युत वितरण निगम श्रमिक संघ ने विद्युत कर्मचारी राजाराम के हादसे को लेकर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। संगठन ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि घटना को एक माह से ज्यादा हो गया। अब तक न एफआईआर दर्ज हुई। न प्रभावी जांच हुई। जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई। संगठन के अनुसार राजाराम 3 जून को विद्युत लाइन पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली आपूर्ति चालू हो गई। उन्हें करंट लगा। वे पोल से नीचे गिर गए। हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी तीन जगह से टूट गई। वे गंभीर रूप से घायल हुए। अभी भी इलाज चल रहा है। श्रमिक संघ ने विभाग पर उदासीनता का आरोप लगाया। संवेदनहीन रवैये की बात कही। संगठन ने कहा कि ऐसी गंभीर दुर्घटना के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारियों का भरोसा टूटेगा। सुरक्षा की भावना प्रभावित होगी। संगठन ने मांग की कि राजाराम हादसे की तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाए। गठित जांच समिति में श्रमिक संगठन के प्रतिनिधि को शामिल किया जाए। निष्पक्ष जांच कराई जाए। दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो। उन्होंने चेतावनी दी गई कि तीन दिन में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन धरने पर बैठेगा। अधीक्षण अभियंता, मुख्य अभियंता, पुलिस अधीक्षक, जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। अध्यक्ष आईदानसिंह इंदा, महामंत्री सुनील लखारा, कोषाध्यक्ष अनिल चौधरी, प्रदेश मंत्री नरेन्द्रसिंह, उपाध्यक्ष सतीश पूनड़, मालाराम मौजूद रहे।