लांबाहरिसिंह | कस्बे सहित देवल, झाडली, बागड़ी, मोरला और आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों में तेज अंधड़ और हल्की बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। तेज हवाओं के चलते कई मकानों के ​टिन शेड उड़ गए, जिससे लोगों को नुकसान उठाना पड़ा। लांबाहरिसिंह के शनि महाराज मंदिर गली में बिजली के तारों पर नीम के पेड़ की डालियां टूटकर गिरने से सुरेश पाराशर के मकान के बाहर लगा बिजली का पोल बीच रास्ते में टूटकर गिर गया। यह घटना रात करीब 10:30 बजे हुई। गनीमत रही कि कुछ समय पहले ही लोग वहां से अपने घरों में चले गए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।