अखिल भारतीय सैन भक्ति पीठ ट्रस्ट के तत्वावधान में सैनाचार्य स्वामी अचलानंद गिरि महाराज के सान्निध्य में दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव 28 और 29 जुलाई को रातानाडा स्थित माहेश्वरी जनोपयोगी भवन में होगा। इसमें देशभर से श्रद्धालु, संत-महात्मा और समाजजन भाग लेंगे। इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं को नशा मुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दिलाया जाएगा। महोत्सव के पोस्टर का विमोचन सोमवार को जुगल जोड़ी बाबा रामदेव मंदिर में पूर्व महारानी हेमलता राज्ये ने किया। सुरेश बुगालिया, बसंत पंडित, नयन चौहान, मदन सैन, हिम्मताराम, नरेंद्र पंवार, श्याम बाबू, रमेश, भोपालसिंह, अनोपाराम और संत माधवदास सहित गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। 2 दिन चलेंगे धार्मिक आयोजन सैनाचार्य के प्रतिनिधि रघुवीरसिंह भदावत ने बताया कि 28 जुलाई को सुंदरकांड पाठ के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। शाम को एक शाम गुरुदेव सैनाचार्य के नाम भजन संध्या होगी। 29 जुलाई को सुबह 10 बजे से गुरु चरण पादुका पूजन, गुरु पूजन, पुष्पांजलि, आशीर्वचन, संत सम्मान, सामूहिक आरती और महाप्रसादी का आयोजन होगा। सत्संग, आध्यात्मिक प्रवचन और गुरु महिमा पर उद्बोधन भी होंगे। दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव के पोस्टर का पूर्व महारानी हेमलता राज्ये ने विमोचन किया।