कस्बे के तीर्थराज विमल कुंड स्थित लक्ष्मण जी मंदिर में सोमवार को 30 वर्षीय पुजारी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच चल रहा गृह क्लेश सामने आया है। पुलिस के अनुसार जुरहरा थाना क्षेत्र के गांव पाई निवासी रवि उर्फ वागड़ पुत्र सुरेश कुमार अपनी पत्नी अन्नू और डेढ़ वर्षीय बेटी दानवी के साथ लक्ष्मण जी मंदिर परिसर में रहता था। वह मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना और सेवा करता था। सोमवार को उसने मंदिर के एक कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची नशे के इंजेक्शन की लत बनी झगड़े की वजह रवि उर्फ वागड़ विमल कुंड स्थित ब्रजवासी अखाड़े में पहलवानी भी करता था। करीब दो वर्ष पहले उसने कामां कस्बे में लगभग 40 लाख रुपए की जमीन बेची थी। सूत्रों के मुताबिक रवि को नशे के इंजेक्शन लगाने की लत लग गई थी, जिसका उसकी पत्नी लगातार विरोध करती थी। करीब तीन महीने पहले जुरहरा थाना क्षेत्र के गांव पाई में हुई गोलीबारी के मामले में रवि आरोपी था और डीग जेल में बंद था। वह कुछ समय पहले ही जमानत पर बाहर आया था। उसके पिता सुरेश कुमार, जो उसी मामले में आरोपी हैं, अभी भी डीग जेल में बंद हैं।