टोंक. श्री अग्रसेन जयंती पर अग्रवाल समाज ने महाराजा अग्रसेन की पूजा-अर्चना की। इसके बाद बैंडबाजों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। समाज अध्यक्ष राजेन्द्र गोयल, कार्यक्रम संयोजक राजीव बंसल ने बताया कि शोभायात्रा घंटाघर चौराहे से रवाना हुई। इसमें महाराजा अग्रसेन, श्रीमहालक्ष्मी, श्रीराम दरबार की आकर्षक झांकियां रहीं। जयपुर के प्रसिद्ध बैंडों ने मधुर धुनें बजाईं। माहौल उत्सवमय रहा। अग्रवाल समाज टोंक के मंत्री सुनील आन्डरा ने बताया कि शोभायात्रा मुख्य बाजार से होते हुए श्री अग्रसेन सर्किल पहुंची। रास्ते में व्यापारिक, धार्मिक, सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। महाराजा अग्रसेन की आरती उतारी गई। नगर परिषद के बाहर सभापति मयंक गोयल सहित अन्य लोगों ने आरती की। दिगम्बर जैन नसिया पहुंचने पर नसिया समिति के पदाधिकारियों, समाजबंधुओं ने भी पुष्पवर्षा की। शोभायात्रा में महिला-पुरुषों ने उत्साह से भाग लिया। समाज अध्यक्ष ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के बताए मार्ग पर चलकर समाज में कोई भी व्यक्ति भूखा या बेघर नहीं रहेगा। एकता ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति है।