भास्कर न्यूज| जूनिया कन्नौज मार्ग पर देवगांव गेट से पुलिया तक बनी सड़क ग्रामीणों के लिए सुविधा की जगह परेशानी बन गई है। सड़क किनारे रहने वाले लोग, दुकानदार गंदे पानी के बीच जीवन गुजार रहे हैं। निकासी नहीं होने से क्षेत्र का गंदा पानी सड़क पर बने गहरे, चौड़े गड्ढों में जमा हो रहा है। सड़क तालाब जैसी हो गई है। राहगीरों, वाहन चालकों, स्थानीय नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों, व्यापारियों को परेशानी हो रही है। जल निकासी नहीं होने से हादसे का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर करोड़ों खर्च होने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। नई समस्या खड़ी हो गई। ग्रामीणों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाया। कहा, समस्या बताने के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही। ग्रामीणों ने प्रशासन से समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।