भीलवाड़ा | आरसी व्यास कॉलोनी सेक्टर 2 और 3 के बीच मजदूर चौराहे के पास धंसी सड़क एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। सुबह करीब 7:45 बजे सीमेंट से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क धंसने से अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रॉली में भरे 100 से अधिक सीमेंट के कट्टे सड़क पर फैल गए। लोगों के अनुसार पहले से मौजूद करीब पांच फीट गहरे गड्ढे के आसपास अब दो से तीन फीट और धंसाव हो चुका है, जिससे सड़क के नीचे की मिट्टी पूरी तरह कमजोर हो गई है। लोगों का कहना है कि सीवरेज कार्य के बाद सड़क की मरम्मत सही तरीके से नहीं की गई, जिससे लगातार धसाव बढ़ रहा है। राहुल बुरड़ ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने समस्या का स्थायी समाधान करने के बजाय केवल लोहे का स्टैंड लगाकर औपचारिकता निभाई। यह मार्ग निजी अस्पतालों, कॉलोनियों और स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए मुख्य रास्ता है।