भास्कर संवाददाता | पाली नए सिरे से डेवलप किए जा रहे सोजत रोड रेलवे स्टेशन पर 75 वर्ग मीटर का वेटिंग हॉल भी बनाया जा रहा है। क्योंकि 300 मेहंदी फैक्ट्री वाले शहर में रोज करीब 90 व्यापारी देशभर से आते हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे 21.20 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत हुआ था। स्टेशन का 85 प्रतिशत कार्य पूरा चुका है। रेलवे ने अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल कर रखा है। अभी करीब 11 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में प्लेटफार्म सरफेसिंग का कार्य किया जा रहा है। प्लेटफार्म पर नए शेल्टर का निर्माण हो रहा है। मवेशियों परिसर में आने से रोकने के लिए स्टेशन के दोनों छोर पर काउ कैचर्स लगाए जा रहे हैं। अभी नई लिफ्ट और फुट ओवर ब्रिज स्थापित करने का काम 70 प्रतिशत पूरा हो गया है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि स्टेशन पर आधुनिक कोच पोजिशन डिस्प्ले सिस्टम, डिजिटल साइनेज और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम से अपग्रेड किया गया है। कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर, विशेष वाटर बूथ और समर्पित पार्किंग स्थल का निर्माण पूरा हो चुका है। स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार और सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। कारोबारियों के लिए जरूरत थी : सोजत इकाई अध्यक्ष, लघु उद्योग भारती विकास टाक का कहना है कि 300 फैक्ट्रियों में प्रोसेस के बाद 40 हजार टन मेहंदी सालभर बिकती है। टर्नओवर 1 हजार करोड़ का होता है। बिक्री का 20 प्रतिशत माल विदेशों में एक्सपोर्ट होता है। मेहंदी खरीदने के लिए देश के अलग अलग राज्यों से रोज 80 से 90 व्यापारी रोज रेलवे स्टेशन से सोजत रोड आते हैं। इनके लिए वेटिंग रूम की जरूरत है।