भास्कर न्यूज | बाड़मेर पुलिस थाना बाड़मेर ग्रामीण क्षेत्र के दरूड़ा गांव में सांवलोर निवासी युवक मांगीलाल की हत्या के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। एसपी चूनाराम जाट द्वारा गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में शामिल सभी 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने अवैध संबंधों के शक में मांगीलाल के साथ मारपीट की थी। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक के भाई तुलछाराम पुत्र मुकनाराम भील, निवासी उत्तमा भील की ढाणी, सांवलोर ने 26 जून को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि उसके भाई मांगीलाल की सोची-समझी साजिश के तहत हत्या कर दी गई है। जांच के दौरान महिला के 4 भाइयों का नाम सामने आया। इनमें भीमाराम पुत्र मोहनराम भील निवासी दरूड़ा, रावताराम पुत्र बाबूराम भील निवासी दरूड़ा, बाबूराम पुत्र देवाराम भील, मोहनराम पुत्र देवाराम भील शामिल थे। सभी निवासी दरूड़ा थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य और वृत्ताधिकारी रमेश शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी विक्रम चारण के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।