भरतपुर| अनाह गेट स्थित यूको बैंक में एसी की कॉपर वायर और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने के मामले में अटलबंद थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रेमकुमार निवासी रंजीत नगर के रूप में हुई है। पुलिस उससे चोरी की अन्य वारदातों और मामले में शामिल दूसरे आरोपियों के बारे में पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि 23 सितंबर को बैंक के शाखा प्रबंधक रामलखन मीना ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि अज्ञात चोर बैंक में लगे एसी की कॉपर वायर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर ले गए। इस पर अटलबंद थाने में तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच के दौरान सहायक उपनिरीक्षक कपूरचंद ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमकुमार को गिरफ्तार किया।