खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर क्षेत्र के ग्राम सिहाली खुर्द में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कृषि पर्यवेक्षक रामस्वरूप को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फव्वारा पाइपलाइन अनुदान की फाइल स्वीकृत कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी चौकी भिवाड़ी को इस मामले में एक शिकायत प्राप्त हुई थी। परिवादी ने अपने और परिवार के सदस्यों के लिए फव्वारा पाइपलाइन अनुदान के लिए राजस्थान किसान पोर्टल पर आवेदन किया था। आरोप है कि संबंधित दस्तावेजों को स्वीकृत कराने के लिए कृषि पर्यवेक्षक रामस्वरूप ने पहले फोन-पे के माध्यम से 2,000 रुपये लिए थे और इसके बाद 2,500 रुपये की अतिरिक्त रिश्वत की मांग कर रहा था। ट्रैप कार्रवाई में रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी ने 6 अप्रैल को 500 रुपये की रिश्वत ली थी। इसके बाद 7 अप्रैल 2026 को एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को शेष 1,000 रुपये की रिश्वत लेते समय रंगे हाथों पकड़ लिया। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज यह कार्रवाई एसीबी के उप महानिरीक्षक अनिल कयाल के सुपरविजन में और उप अधीक्षक परमेश्वर लाल के नेतृत्व में की गई। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।