विवाहिता ने घर के सोने-चांदी के जेवरात अपने दोस्त को दे दिए। इसके बाद पति को गुमराह करने के लिए चोरी की झूठी कहानी रची। कुछ दिन बाद खुद भी लापता हो गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए विवाहिता और उसके दोस्त को पकड़ा है। मामला अजमेर जिले के नसीराबाद सदर थाना क्षेत्र का है। सदर थाना पुलिस ने मामले में नंदा जी की ढाणी निवासी पिंकी पत्नी दिनेश और उसके दोस्त ग्राम सोकलिया निवासी गगनसिंह उर्फ विक्रम सिंह पुत्र लाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से चोरी किए गए जेवरात भी बरामद कर लिए है। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया। घर से जेवरात चोरी और सामान बिखरा मिला नंदा जी की ढाणी, नादंला निवासी दिनेश कामनिया पुत्र घीसालाल ने 16 जून को सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया था कि 9 जून से 11 जून के बीच वह ड्यूटी पर गया था। उसकी पत्नी पिंकी मकान बंद कर अपने पीहर गई हुई थी। 11 जून को उसकी बहन उनके घर पहुंची तो मकान का कुंदा टूटा हुआ था। उसने अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था। बहन की सूचना पर पत्नी पिंकी घर पहुंची। इसके बाद पुलिस में मामला दर्ज करवाया गया। विवाहिता के लापता होने पर चोरी का खुलासा चोरी की वारदात के बाद 9 जुलाई को मकान मालिक की पत्नी पिंकी बिना बताए घर से लापता हो गई। पति ने 10 जुलाई को पत्नी की गुमशुदगी रिपोर्ट सदर थाने में दर्ज करवाई गई थी। सदर थाना पुलिस ने महिला का पता लगाने के लिए कॉल डिटेल निकाली। सामने आया कि महिला की सोकलिया निवासी गगनसिंह से दोस्ती है। पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर उन्हें पकड़ा। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसने घर में रखे जेवरात अपने दोस्त को करीब दो महीने पहले ही दे दिए थे। पति से बात छुपी रहे, इस कारण चोरी की झूठी कहानी रची थी। (इनपुट-सुधीर मित्तल व रियाज अहमद)