भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कृषि विभाग के अधिकारियों से 2 लाख 63 हजार 500 रुपए बरामद किए हैं। एसीबी की स्पेशल इनवेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) ने जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर शाहपुरा पुलिया के पास टाटा सफारी गाड़ी को रोककर तलाशी ली, जिसमें यह नकदी मिली। एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया- ब्यूरो को सूचना मिली थी कि जयपुर से आई कृषि विभाग की टीम भिवाड़ी-कोटपूतली औद्योगिक क्षेत्र में खाद और कीटनाशक निर्माण इकाइयों का निरीक्षण कर रही है। आरोप है कि निरीक्षण का डर दिखाकर कुछ औद्योगिक इकाइयों से अवैध रूप से पैसे वसूले जा रहे थे। सूचना के आधार पर उप महानिरीक्षक पुलिस (प्रथम) डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने शाहपुरा पुलिया पर निगरानी रखी और संदिग्ध वाहन को रोककर कार्रवाई की। 2 अधिकारियों के बैग से मिला कैश तलाशी के दौरान कृषि अधिकारी महेश कुमार मीणा के बैग से 1 लाख 48 हजार 500 रुपये और कृषि अधिकारी चन्दा राम गुर्जर के बैग से 1 लाख 15 हजार रुपये बरामद हुए। गाड़ी में कृषि अधिकारी भगवान सहाय यादव और कृषि विभाग के चालक रमेश चन्द्र मीणा भी मौजूद थे, जिनकी भी नियमानुसार तलाशी ली गई। अधिकारियों की भूमिका की होगी जांच एसीबी अब बरामद नकदी के स्रोत, औद्योगिक इकाइयों से कथित अवैध वसूली और इसमें शामिल अधिकारियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।