जामडोली | दौसा-कोथून हाईवे पर हिंगोनिया मोड़ के पास भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। दतवास थानाधिकारी हीरालाल के अनुसार, मृतक की पहचान झापदा निवासी मुकेश मीणा और उसकी पत्नी छोटी के रूप में हुई है। दंपती देवता के दर्शन कर घर लौट रहे थे, तभी रात 8 बजे उनकी बाइक सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाईवे पर लगे जाम को पुलिस ने खुलवाया और शवों को पोस्टमार्टम हेतु चाकसू अस्पताल भेजा। मृतक अपने पीछे 8 और 5 वर्ष के दो मासूम बेटों को छोड़ गए हैं। पुलिस ने नाकाबंदी कर फरार ट्रक और चालक को हरभांवता टोल से पकड़ लिया है। मामले की जांच जारी है।