भीलवाड़ा में फाइनेंसर की हत्या के मामले में पुलिस ने 1 आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुनीम अब तक फरार है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों की नजर फाइनेंसर की करोड़ों की प्रॉपर्टी और 70 लाख रुपए पर थी। ऐसे में दोनों ने फाइनेंसर को कार में बैठाया, उसका मुंह दबा कर गला घोंट दिया। इसके बाद मुंह पर टेप चिपकाई और कुएं में फेंककर फरार हो गए। आरोपियों ने फाइनेंसर को कुएं में फेंकने से पहले उसके हाथ-पैर भी बांध दिए थे। अब पुलिस मुनीम की तलाश में जुटी है। एसपी सागर राणा ने बताया- फाइनेंसर शोभालाल जैन की हत्या के मामले में नारायण लाल को गिरफ्तार किया है। जबकि मुनीम रोशन अब भी फरार है। नारायण मुनीम का ही दोस्त है, दोनों ने रुपयों और प्रॉपर्टी के लालच में फाइनेंसर शोभालाल जैन की हत्या की थी। 7 दिन बाद मिला था शव 26 जुलाई को कुएं में शोभालाल जैन का शव मिला था। पुलिस ने एसडीआरएफ टीम और क्रेन की मदद से शव बाहर निकलवाया था। शव बेहद बुरी अवस्था में था। हत्या से पहले उसके हाथ-पैर तारबंदी वाले पोल से बंधे हुए थे और मुंह पर भी कपड़ा बंधा था। पढ़िए हत्या की पूरी कहानी… 70 लाख कैश और करोड़ों की प्रोपर्टी एसपी सागर राणा ने बताया- फाइनेंसर के मुनीम रोशन को पता था की शोभालाल के पास 70 लाख रुपए कैश है। इन्हे हड़पने के लिए उसने अपने साथी नारायण के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। दोनों शोभलाल को 16 जुलाई को सांवरिया जी की यात्रा के दौरान ही खत्म करना चाहते थे, लेकिन उस दिन भाई मदनलाल जैन के साथ में होने से उन्हें मौका नहीं मिला। एक बार चूके तो दूसरी बार में किया मर्डर इसके बाद उन्होंने 18 जुलाई को इस पूरी वारदात को अंजाम दिया। जब वे तीनों सिरियारी से वापस लौट रहे थे तो नारायण ने शोभा लाल के हाथ पकड़े और रोशन ने उनका मुंह दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उनके मुंह पर टेप लगाकर मुंह को पूरी तरह बंद किया फिर उनके पांवों में पास पड़ा बिजली का एक पोल बांधा और उनकी बॉडी को कुंए में फेंक दिया और रुपए लेकर फरार हो गए। पूछताछ में सामने आया- रोशन ने नारायण को हत्या में साथ देने के लिए 10 लाख रुपए का लालच दिया। फिलहाल आरोपी मुनीम रोशन गुर्जर की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मामले में बागौर थाना पुलिस, डीएसटी और साइबर शाखा ने कार्रवाई करते हुए नारायण को उदयपुर से गिरफ्तार किया। आगे की पूछताछ की जा रही है। --- हत्या की ये खबर भी पढ़ें… फाइनेंसर के हाथ-पैर खंभे से बांधकर कुएं में फेंका:7 दिन बाद मिला शव, पुलिस और SDRF की टीम ने क्रेन से निकाला शव भीलवाड़ा जिले में सात दिन से लापता फाइनेंसर का शव कुएं में मिला। तारबंदी वाले पोल से हाथ-पैर बांधकर कुएं में फेंका गया था। मुंह पर भी कपड़ा बंधा था। पूरी खबर पढ़िए आखिरी बार मुनीम के साथ थे फाइनेंसर:घटना के बाद दोस्त के साथ फरार; मोबाइल बंद होने के 7 दिन बाद कुएं में मिली थी लाश भीलवाड़ा के बावलास गांव में सात दिन से लापता फाइनेंसर शोभालाल जैन का शव कुएं में मिलने के मामले में जांच अब हत्या की साजिश की ओर बढ़ गई है। पूरी खबर पढ़े…