सीकर रोड पर खेतान चौराहे के पास बुधवार दोपहर करीब 2:45 बजे अनियंत्रित रोडवेज बस ने दो कार, स्कूटी और बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तुलसी देवी (49) की मौत हो गई। वे बेटे के साथ घर लौट रही थीं। उनका बेटा और स्कूटी सवार भी घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान तुलसी देवी की मौत हो गई। वे मुरलीपुरा के पथ नंबर 7 की रहने वाली थीं। पुलिस ने बस चालक श्रीमाधोपुर निवासी राकेश कुमार बिजारणियां को पकड़ लिया। थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील ने बताया कि बस श्रीमाधोपुर से जयपुर आ रही थी। खेतान चौराहे के पास ब्रेक नहीं लगने से हादसा हुआ। टक्कर के बाद स्कूटी बस के नीचे फंस गई, जबकि बाइक पर बैठी महिला भी बस के नीचे आ गई थीं। पुलिस ने लोगों से समझाइश कर मामला शांत कराया। क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर यातायात सुचारु कराया। 4 वाहनों को टक्कर मारी पुलिस जांच में सामने आया कि हादसे वाली बस श्रीमाधोपुर से कोटा चलती है। स्थायी चालक के छुट्टी पर होने के कारण बुधवार को राकेश को बस चलाने के लिए लगाया गया था। पूछताछ में राकेश ने बताया कि स्थायी चालक ने एक्सीलेरेटर के पास ईंट रखी हुई थी। उसे इसकी जानकारी नहीं थी। ईंट अपनी जगह से खिसक गई, जिससे ब्रेक सही तरीके से नहीं लग पाए और बस अनियंत्रित हो गई। हालांकि पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। 13 चालान पेंडिंग हैं। इनकी कुल जुर्माना राशि 92 हजार रुपए बताई गई है परिवहन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, बस के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन के 13 चालान पेंडिंग हैं। इनकी कुल जुर्माना राशि 92 हजार रुपए बताई गई है। इनमें जनवरी में शाहजहांपुर टोल से बिना परमिट गुजरने पर काटे गए 7 चालान शामिल हैं। प्रत्येक चालान 10 हजार रुपए का है। यानी 70 हजार रुपए का जुर्माना सिर्फ इन सात चालानों का है। इसके अलावा ओवरस्पीड के 3 चालान हैं। प्रदूषण प्रमाण पत्र नहीं होने और नो-पार्किंग के चालान भी पेंडिंग हैं।