ब्यावर के आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बुधवार को शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सिटी थाना, पोस्ट ऑफिस और टेक्सटाइल पावरलूम औद्योगिक क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया। सिटी थाना भ्रमण के दौरान थानाधिकारी आशुतोष पांडे ने विद्यार्थियों को पुलिस की विस्तृत कार्यप्रणाली समझाई। उन्होंने बताया कि पुलिस का कार्य केवल अपराधों की रोकथाम तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में शांति, सहयोग और विश्वास बनाए रखना भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। महिला थानाधिकारी विद्या मीणा ने महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों, विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और राज सिटिजन ऐप की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों का गुलाब भेंट कर स्वागत किया। पोस्ट ऑफिस के दौरे पर पोस्ट मास्टर अजय कुमार ने डाकघर की कार्यप्रणाली, स्पीड पोस्ट, मेल सेवाओं और विभिन्न बचत योजनाओं के बारे में बताया। विद्यार्थियों को डाक सेवाओं के लेखांकन और संचालन की प्रक्रिया से भी परिचित कराया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने टेक्सटाइल पावरलूम औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण किया। यहां उन्हें वस्त्र निर्माण की आधुनिक तकनीकों और मशीनों की कार्यप्रणाली की जानकारी मिली। उद्योगपति रमेश चंद्र भराड़िया ने धागे की तैयारी से लेकर कपड़े के निर्माण तक की पूरी प्रक्रिया को सरल तरीके से समझाया। विद्यार्थियों ने मशीनों को प्रत्यक्ष रूप से कार्य करते देखा, जिससे उनकी समझ और जिज्ञासा बढ़ी। प्रिंसिपल नवीन कुमार सैनी ने बताया कि इस शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक ज्ञान के साथ-साथ विभिन्न विभागों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।