भरतपुर| जज्बा हो तो चोट भी हौसले के आगे छोटी पड़ जाती है। इसका उदाहरण सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ के कैडेट अधिराज चाहर ने पंजाब के जालंधर में 23 से 29 जून तक आयोजित पांचवीं नेशनल सब जूनियर (अंडर-15) बॉक्सिंग चैंपियनशिप में पेश किया। प्रतियोगिता के दूसरे मुकाबले में उत्तर प्रदेश के बॉक्सर के खिलाफ बाउट के दौरान उनके दाएं हाथ के अंगूठे में चोट लग गई। इसके बावजूद अधिराज ने वह मुकाबला जीता और अगले दो मुकाबलों में भी शानदार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। हालांकि दर्द के बावजूद रिंग में उतरे अधिराज को सेमीफाइनल में मेजबान पंजाब के बॉक्सर के खिलाफ कड़े मुकाबले में 3-2 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही उन्होंने प्रतियोगिता में कांस्य पदक अपने नाम किया। नेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के बाद भरतपुर जिला बॉक्सिंग संघ और सैनिक स्कूल पूर्व छात्र संगठन ने अधिराज का साफा और चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मान किया। इस दौरान उनके प्रशिक्षक पुनीत फौजदार और एएसआई मनीषा चाहर का भी अभिनंदन किया गया। अधिराज सैनिक स्कूल बॉक्सिंग प्रतियोगिता के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। इसके अलावा वे नेशनल आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में भी कांस्य पदक जीत चुके हैं। सम्मान समारोह में डॉ. राकेश चाहर, डॉ. संदीप देशवाल, सोबरन सिंह फौजदार, पवन चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।