डीग पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। थाना बृजनगर पुलिस ने 23 आपराधिक मामलों में वांछित हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र उर्फ जीतू उर्फ मनोज गुर्जर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पैंडका (थाना नगर) का निवासी है और उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ है। बृजनगर थाना प्रभारी लाखन सिंह के सुपरविजन में उपनिरीक्षक राजेश और उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कुल 23 आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह अवैध हथियार के बल पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।