पंचायत राज चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने की तैयारियों के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) के नेतृत्व एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अतिरिक्त जिला कलेक्टर ) के मार्गदर्शन में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय प्रतापगढ़ के ऑडिटोरियम में मतदान दलों का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं, अधिकारियों एवं कार्मिकों के दायित्वों तथा मतदान संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को पंचायत राज चुनाव 2026 में विभिन्न पदों के लिए अपनाई जाने वाली मतदान प्रक्रिया के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर्स द्वारा मतपत्र से होने वाले मतदान के लिए मतपत्रों के प्रबंधन, मतपेटियों के उपयोग, मतदान प्रक्रिया एवं संबंधित अभिलेखों के संधारण के बारे में जानकारी दी गई। वहीं, ईवीएम से मतदान के लिए मशीनों के समुचित उपयोग, मतदान से पूर्व आवश्यक तैयारियों, निर्धारित प्रक्रिया तथा मतदान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को समझाया गया। प्रशिक्षण में मतदान अधिकारियों की भूमिका, जिम्मेदारियों और निर्वाचन के विभिन्न चरणों में किए जाने वाले कार्यों पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों एवं कार्मिकों को मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, मतदान सामग्री का समुचित उपयोग करने, मतदान की गोपनीयता बनाए रखने तथा निर्वाचन संबंधी अभिलेखों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संधारण करने की जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही मतदान दिवस से पूर्व की तैयारियों, निर्वाचन सामग्री की जांच एवं सुरक्षा, मतदान केंद्र पर सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने तथा मतदान समाप्ति के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निर्वाचन सामग्री जमा कराने संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर के रूप में निलेश बैरागी, भूपेन्द्र तिवारी, अरविंद शर्मा, दीपक पंचोली, प्रवीण सिंह भाटी, अनिल टेलर,नितेश सोमानी, आदर्श दवे, घनश्याम शर्मा, सुनील बंबोरिया, केवल चंद लबाना एवं हेमंत खाण्डिया मौजूद रहे। निर्वाचन विभाग से गोकुल सिंह, राधेश्याम सहित अन्य कार्मिक भी मौजूद रहे।