उदयपुर जिले की 4 पंचायत समितियां नयागांव, खेरवाड़ा, ऋषभदेव और कल्याणपुर में गुरुवार रात को सरपंच चुनावों के देर रात तक घोषित परिणाम में कांग्रेस के एक विधायक की भाभी जो प्रधान रह चुकी वह चुनाव हार गई। यहीं नहीं भारतीय जनता पार्टी की एक मंडल अध्यक्ष को भी करारी हार का सामना करना पड़ा। इधर, देर रात मतगणना के दौरान खेरवाड़ा की नवाघरा पंचायत में मतगणना के दौरान हंगामा हो गया। वहां बिगड़े माहौल के बीच पुलिस ने मोर्चा संभाला। कमला परमार सरपंच का चुनाव हारीं उदयपुर के खेरवाड़ा के कांग्रेस विधायक दयाराम परमार के भाई की पत्नी नयागांव पंचायत समिति की पूर्व प्रधान कमला परमार सरपंच का चुनाव हार गई। वे नयागांव पंचायत समिति के ग्राम पंचायत महुवाल में चुनाव मैदान में थी और उनको जमना देवी ने हरा दिया। पंचायतीराज चुनाव में कमला के पति विधायक के भाई पन्नालाल नयागांव पंचायत समिति वार्ड 6 से कांग्रेस के बैनर तले चुनाव लड़ा है और प्रधान की दावेदारी में है। पंचायत समिति का रिजल्ट 20 नवंबर को आएगा। इधर, नयागांव पंचायत समिति में ही सरेरा पंचायत में चार बार लगातार सरपंच रही दुर्गा देवी भगोरा चुनाव हार गई। दुर्गा भारतीय जनता पार्टी नयागांव मंडल की अध्यक्ष भी है। यहां पर कांतिलाल भगोरा जीते। जहां सरपंच रही विधायक वहां बेटा हारा इधर, सलूबर की भाजपा विधायक शांता मीणा का बेटा भी सेमारी पंचायत समिति के सेमारी ग्राम पंचायत में चुनाव हार गया। यहां पर पंकज विजेता रहे है और भाजपा विधायक शांता का बेटा कपिल मीणा चुनाव में हारे और वे पहले तीन में भी नहीं रहे। बता दें कि जब दिवंगत अमृतलाल मीणा विधायक थे तब उनकी पत्नी वर्तमान विधायक शांता वहां सरपंच हुआ करती थी। उदयपुर जिले के सरपंचों के रिजल्ट जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें।