भास्कर न्यूज| भरतपुर वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (वीएमओयू) में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए बड़ा फेरबदल किया गया है। कुलगुरु प्रो. बी.एल. वर्मा ने चार वरिष्ठ आचार्यों को नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सभी अधिकारियों ने मंगलवार को अपने-अपने पदों का कार्यभार भी ग्रहण कर लिया। नवनियुक्त अधिकारियों में प्रो. सुबोध कुमार को निदेशक संकाय एवं योजना, डॉ. आलोक चौहान को परीक्षा नियंत्रक, डॉ. क्षमता चौधरी को निदेशक केंद्रीय पुस्तकालय तथा डॉ. कपिल गौतम को निदेशक शोध का दायित्व सौंपा गया है। प्रबंध मंडल सदस्य प्रो. सुबोध कुमार पिछले 13 वर्षों से विश्वविद्यालय में सेवारत हैं और मीडिया से जुड़े दायित्व भी संभाल रहे हैं। वहीं, डॉ. आलोक चौहान को राजस्थान में पीटीईटी और डीएलएड जैसी राज्यस्तरीय परीक्षाओं के सफल संचालन का लंबा अनुभव है। संस्कृत के सह आचार्य डॉ. कपिल गौतम भारतीय ज्ञान परंपरा पीठ से भी जुड़े हुए हैं। पहले प्रो. बी. अरुण कुमार के पास संकाय निदेशक और परीक्षा नियंत्रक दोनों पद थे। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस फेरबदल से विभिन्न विभागों के कामकाज में बेहतर समन्वय स्थापित होगा।