नागौर अधिवक्ता रामकिशोर बाना पर जानलेवा हमले के मामले में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से अधिवक्ताओं का आंदोलन तेज हो गया है। बुधवार को जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष डॉ. पवन श्रीमाली के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने मुख्य न्यायालय परिसर से पॉक्सो न्यायालय तक रैली निकालकर नारेबाजी की। कार्य बहिष्कार के कारण न्यायालयों में नियमित कामकाज प्रभावित रहा। डॉ. पवन श्रीमाली ने कहा कि मामले में कुछ अन्य व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई है, लेकिन मुख्य आरोपी अभी भी गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस वास्तविक आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करे। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने तक न्यायिक कार्य स्थगन जारी रहेगा। मेड़ता, डीडवाना, कुचामन, लाडनूं, परबतसर, मकराना, जायल और खींवसर सहित जिले की विभिन्न बार एसोसिएशनों ने भी कार्य बहिष्कार कर आंदोलन को समर्थन दिया है। मामले में बार कौंसिल ऑफ राजस्थान को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की गई है। जरूरत पड़ने पर आंदोलन को प्रदेश स्तर तक ले जाने का निर्णय लिया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार इस दौरान अनेक लोग मौजूद रहे। नागौर. आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रैली में मौजूद अधिवक्ता।