होटल प्राइड प्रीमियर में शनिवार शाम संगीत, हास्य और रोशनी का ऐसा संगम देखने को मिला कि दर्शक देर रात तक झूमते और ठहाके लगाते रहे। मौका था दैनिक भास्कर के लाइव इन अलवर कार्यक्रम का। पंजाबी गायिका अफसाना खान ने अपनी दमदार आवाज से समां बांधा, वहीं हास्य कलाकार वीआईपी ने अपनी मिमिक्री से दर्शकों को खूब हंसाया। कार्यक्रम में पहली बार भव्य लेजर शो भी आकर्षण का केंद्र रहा। अफसाना खान के मंच पर आते ही दर्शकों में उत्साह छा गया। उन्होंने कोई सी, यार मेरा तितलियां वरगा, धक्का और चलाकिया जैसे लोकप्रिय गाने सुनाए। पंजाबी धुनें गूंजते ही शहरवासी थिरकने लगे। उनकी ऊर्जावान प्रस्तुति ने माहौल को जोश से भर दिया। सुपरहिट गानों के साथ भावुक गीत भी पेश किए, कार्यक्रम में कभी मस्ती तो कभी भावनाओं के रंग नजर आए। इससे पहले हास्य कलाकार वीआईपी ने अपनी खास शैली में दर्शकों का मनोरंजन किया। उन्होंने बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों की मिमिक्री कर खूब तालियां बटोरीं। अपनी आवाज और अंदाज से उन्होंने मंच पर अलग-अलग किरदार जीवंत कर दिए। प्रस्तुति के दौरान उन्होंने गोलियों, बारूद और मिसाइलों की आवाजों की ऐसी नकल की कि माहौल युद्ध के दृश्य जैसा बन गया। उन्होंने दर्शकों को भी मिमिक्री के अंदाज सिखाए। संगीत, कॉमेडी और लेजर शो से सजी शाम अलवर वासियों के लिए यादगार बन गई।कार्यक्रम में आकाश सुपारी, होटल कोजेट बाय सिग्नेट, जेएमसीसी, इनफिनिटी रिसॉर्ट, ग्लासमैन इंडिया, इनफिनिटी टावर, श्याम स्टूडियो, त्रेहान ग्रुप, रेमंड द सेलिब्रेशन, क्वेरवैल डायग्नोस्टिक लैब, लुक सैलून, द गोल्डन वैली, एलडीएम होम डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड और पूजा इवेंट प्लानर का सहयोग रहा।