पाली शहर में सूने मकान से लाखों की ज्वेलरी और 2 लाख कैश चुराने वाले आरोपी को पुलिस 800 किलोमीटर पीछा कर उत्तरप्रदेश से पकड़ लाई। बता दें कि आरोपी ने शहर के टीपी नगर थाना क्षेत्र के मारूति नंदन नगर में रहने वाले किरण सिंह राजपुरोहित के मकान का ताला तोड़कर 31 लाख के गहने और कैश चुराया था। वारदात 20 अप्रैल की रात हुई थी। शनिवार को बांगड़ हॉस्पिटल में आरोपी का मेडिकल करवाकर कोर्ट में पेश किया गया। एसपी मोनिका सैन ने बताया- आरोपी तुषार कुमार (25) शातिर चोर है। उसने राजस्थान के कई चोरी-नकबजनी की वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपी के खिलाफ बीकानेर में 8 मामले दर्ज हैं। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए गहने बरामद करने का प्रयास करेगी। रेलवे स्टेशन से दूर जंगल से लेता शहर में एंट्री एसपी मोनिका सैन ने बताया- वारदात वाले दिन (20 अप्रैल) आरोपी ट्रेन से पाली आया। रेलवे स्टेशन के मैन गेट से एंट्री लेने की बजाय वह पटरी-पटरी करीब 2 किलोमीटर चला। फिर मारूति नगर पहुंचा। दिन में आरोपी ने रैकी की। किरण सिंह के मकान पर ताला लगा देखा तो रात में यहां आया और चोरी की वारदात को अंजाम देकर वापस ट्रेन से फरार हो गया। पुलिस ने सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले सीओ सिटी मदनसिंह ने बताया- टीम में सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस ने जोधपुर, मवाना, रामजस, हस्तिनापुर, मेरठ, रोहटा, नारंगपुर, पुटखास, खातौली, मिरापुरा, मुजफ्फरनगर (यूपी) में आरोपी की तलाश की। कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए यूपी के मेरठ क्षेत्र पहुंची। जहां आरोपी अपने घर पर नहीं मिला। ऐसे में पाली से 26 अप्रैल को रवाना हुए ASI ओमप्रकाश चौधरी, कांस्टेबल सूरज चौधरी और श्रवण चौधरी पांच दिन तक वहीं रुके। आखिरकार आरोपी पकड़ में आ गया। 9वीं फेल आरोपी, जुआ-सट्‌टे में बर्बाद हुआ टीपी नगर थाने के एसएचओ हनुवंत सिंह ने बताया- आरोपी 9वीं फेल है। जुआ और सट्‌टा खेलने के शौक में बर्बाद हो गया तो साल 2024 से चोरी-नकबजनी की वारदातें करना शुरू किया। आरोपी राजस्थान में आकर चोरी-नकबजनी की वारदातें करता था। यह भी पढ़े - जुआ-सट्‌टे में बर्बाद हुआ तो पकड़ी चोरी की राह: CCTV फुटेज खंगाले हुए पाली पुलिस करीब 700 KM तय कर यूपी में पहुंची आरोपी तक