रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए आगरा कैंट-असारवा (अहमदाबाद)-आगरा कैंट स्पेशल रेल सेवा (सप्ताह में 5 दिन) की संचालन अवधि में 5 ट्रिप का विस्तार किया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 01919 आगरा कैंट से 1 अप्रैल से 5 अप्रैल तक और गाड़ी संख्या 01920 असारवा से 2 अप्रैल से 6 अप्रैल तक संचालित होगी। इससे उदयपुर के यात्रियों को गुजरात-उत्तर प्रदेश से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। रेलवे सलाहकार समिति सदस्य ओम पालीवाल के अनुसार गुजरात जाने वाले यात्रियों के लिए डूंगरपुर, हिम्मतनगर व असारवा तक पहुंचने का यह बेहतरीन विकल्प है। वहीं यूपी की तरफ जाने वाले यात्री आगरा के साथ-साथ सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी तक सीधी यात्रा कर सकेंगे। उदयपुर के लिए समय सुविधाजनक उदयपुर से अहमदाबाद (असारवा) जाने वाली ट्रेन (01919) सुबह 05:30 बजे उदयपुर से रवाना होकर सुबह 11:10 बजे अहमदाबाद पहुंचाती है। यह मॉर्निंग जर्नी के लिए सबसे सटीक है। वहीं आगरा जाने वाली ट्रेन (01920) रात 10:50 बजे उदयपुर से चलकर अगली सुबह 07:45 बजे आगरा कैंट पहुंचती है। यह एक ओवर नाइट जर्नी है। इससे यात्री रात भर सोकर सुबह अपने गंतव्य पर पहुंच सकेंगे।