भारतीय रेलवे ने अतिरिक्त यात्रीभार देखते हुए आगरा कैंट-असारवा-आगरा कैंट स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि में 5 ट्रिप का विस्तार किया है। इससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी। उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसपंर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार ट्रेन नंबर 01919/01920 आगरा कैंट-असारवा-आगरा कैंट स्पेशल ट्रेन (सप्ताह में 5 दिन) का आगरा कैंट से 1 अप्रेल से 5 अप्रेल तक और असारवा से 2 अप्रेल से 6 अप्रेल तक विस्तार किया जा रहा है। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 20473/20474 दिल्ली सराय-उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय ट्रेन में दिल्ली सराय से 1 अप्रेल से 30 अप्रेल तक और उदयपुर सिटी से 2 अप्रेल से 1 मई तक 2 द्वितीय शयनयान श्रेणी डिब्बो की अस्थायी बढ़ोतरी की गई है। उदयपुर की अन्य खबरें पढ़े…. उदयपुर में कुछ जगह जलापूर्ति रहेगी बाधित
उदयपुर के नगर उपखंड सप्तम के अंतर्गत खेमपुरा क्षेत्र में गुरूवार को होने वाली जलापूर्ति को मानसी वाकल परियोजना पर मरम्मरत कार्य के कारण एक दिन आगे बढ़ाया गया है। सहायक अभियंता यामिनी उपाध्याय ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में गायरीयों का मोहल्ला, दक्षिणी सुंदरवास, भैरू कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों में जलापूर्ति एक दिन देरी से की जाएगी। टैक्स बार एसोसिएशन के दीपक एरन अध्यक्ष, हातिम हुसैन कांकरोलीवाला सचिव उदयपुर टैक्स बार एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा आसोजित की गई। जिसमें दीपक एरन को अध्यक्ष और हातिम हुसैन कांकरोलीवाला को सचिव चुना गया।
एसोसिएशन के निवर्तमान अध्यक्ष गौतम सुखलेचा ने बताया कि नई कार्यकारिणी में अरुण रत्नावत को उपाध्यक्ष, अंकित जैन संयुक्त सचिव एवं कोषाध्यक्ष, सविता गुप्ता साहित्य सचिव, पंकज नेवटिया सांस्कृतिक सचिव, हितेश भदादा, सुनील सिंघल, राहुल उदावत,रोहन मित्तल एवं गिरीश बोहरा को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।
नॉमिनेशन कमेटी के अध्यक्ष सुधीर मेहता ने बताया कि इसी प्रकार उदयपुर टैक्स बार चैरिटेबल सोसायटी के चुनाव में दीपक प्रजापत को अध्यक्ष, महेश मडोवरा को सचिव, अंकित जैन को कोषाध्यक्ष तथा राजेश देवपुरा, राकेश पोरवाल व अंशुल कटेजा को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। एकलिंगजी में महारुद्र महायज्ञ का आयोजन
कैलाशपुरी स्थित एकलिंगजी मंदिर में शासनिक राव सिरदार समाज द्वारा विक्रम संवत 2035 में आयोजित महारुद्र महायज्ञ की 48वीं वर्षगांठ श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन उमड़े और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।
कार्यक्रम के तहत सोमवार रात भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें नागौर के महावीर सांखला ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। रातभर श्रद्धालु भक्ति में झूमते रहे। इस दौरान संत खुशाल भारती महाराज ने राव समाज को सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए शुभकामनाएं दीं। मंगलवार सुबह 4 बजे आचार्य पंडित जगदीश दवे के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महायज्ञ शुरू हुआ। पूर्णाहुति के दौरान पूर्व राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने यज्ञ में आहुति देकर धर्मलाभ लिया। इस दौरान समाज में एकता और समरसता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। सभी राव सिरदार पुरुष धोती, सफेद कुर्ता व पाग में नजर आए, जबकि महिलाओं ने एक समान परिधान पहनकर आयोजन में भागीदारी निभाई। मुख्य अतिथि डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ का स्वागत समाज अध्यक्ष व आयोजन समिति के करतार सिंह राव, गजेंद्र सिंह, विक्रम सिंह, राम सिंह, राजेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह व शोभाग सिंह ने पितलिया परिवार ने किया।
अपने संबोधन में डॉ. लक्ष्यराज सिंह ने कहा कि राव सिरदार समाज पिछले 48 वर्षों से सनातन धर्म और संस्कृति को जीवित रखने का कार्य कर रहा है, जो अत्यंत सराहनीय है। संत सुदर्शनाचार्य महाराज ने भी राव समाज को सनातन संस्कृति का रक्षक बताते हुए आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम में मेवाड़, वागड़, मारवाड़ सहित मध्य प्रदेश व गुजरात से भी बड़ी संख्या में समाजबंधु शामिल हुए।