उदयपुर में करीब 19 दिन पहले साहिल उर्फ सुहानी (26) पुत्र आरिफ की 5 बदमाशों ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सहित दो हिस्ट्रीशीटर्स को पुलिस ने अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया। घंटाघर थाना पुलिस के थानाधिकारी कर्मवीर सिंह ने बताया- हिस्ट्रीशीटर नईम उर्फ नईमुद्दीन और हिस्ट्रीशीटर कुंदन को अहमदाबाद के निजी हॉस्पिटल से पकड़ा गया। नईम के वारदात के समय प्राइवेट पार्ट में चोट लग गई थी। वह इन्फेक्शन का इलाज अहमदामाद में कराने हॉस्पिटल पहुंचा, तभी पुलिस ने उसे शनिवार को दबोच लिया। वहीं भनक लगने पर साथी कुंदन हॉस्पिटल में छिप गया था, जिसे बाद में पकड़ लिया गया। मामले में तीन आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके हैं। भागते समय लगी थी चोट, अहमदाबाद में करा रहा था इलाज पुलिस ने बताया- युवक साहिल की हत्या के बाद भागते समय आरोपी नईम एक अज्ञात युवक की बाइक से टकरा गया था। इससे उसके प्राइवेट पार्ट पर चोट लगी थी। इसका इलाज कराने वह अहमदाबाद पहुंचा था। वहां से करीब 10 दिन की दवाई लेकर वह गायब हो गया था। इसी बीच पुलिस को यह इनपुट मिला। पुलिस को पूरी संभावना थी कि वह दवा खत्म होने पर इलाज लेने जरूर आएगा। गुजरात की कर्गज थाना पुलिस का सहयोग लिया और हॉस्पिटल के डॉक्टर्स को आरोपी की फोटो बताकर जाल बिछाया। आरोपी नईम जब इलाज लेने के लिए पहुंचा, तभी पुलिस ने उसे और उसके साथी कुंदन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को पकड़ने में थानाधिकारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में एएसआई इश्क मोहम्मद और हैड कॉन्स्टेबल सतपाल की मुख्य भूमिका रही। सीने-कमर में चाकू मारकर की थी हत्या, 3 आरोपी को पुलिस कर चुकी थी गिरफ्तार जोएब खान उर्फ अक्कू की 7 अप्रैल को जिशान उर्फ हड्डी से कहासुनी हुई थी। जोएब ने इसकी जानकारी नईम उर्फ नईमुद्दीन को दी। इस पर नईम और उसके साथी कुंदन ने जिशान को फोन कर कहा कि तुम्हारी अक्कू को धमकाने की हिम्मत कैसे हुई। इस बात को लेकर जिशान और साहिल की नईम और कुंदन से लड़ाई हो गई। नईम और कुंदन अपने अन्य साथियों के साथ 7 अप्रैल की देर रात बिच्छू घाटी पहुंचे। जहां साहिल उर्फ सुहानी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। उसके सीने और कमर में चाकू लगा। साहिल बेसुध हालत में जमीन पर गिर गया था। इसके बाद अस्पताल ले जाते वक्त उसकी मौत हो गई थी। नईम पर एक दर्जन, कुंदर पर डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज इस हत्याकांड में पुलिस ने कुल 5 युवकों को आरोपी बनाया था। इससे पहले पुलिस आरोपी गौरव सिंह चौहान उर्फ बिट्टू, मोहम्मद सुहान डायर और जोएब खान उर्फ अक्कू को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी नईम और कुंदन फरार चल रहे थे। कुंदन के खिलाफ विभिन्न थानों में डेढ़ दर्जन और नईम के खिलाफ एक दर्जन मामले दर्ज हैं। मामले से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए… उदयपुर में आपसी रंजिश में युवक की हत्या:देर रात घर जाते समय चाकू से वार कर मार डाला, एमबी हॉस्पिटल में जुटे परिजन-रिश्तेदार तीन दिन पहले युवक का चाकू से किया था मर्डर:दो आरोपी गिरफ्तार, दोनों पर 6-6 केस दर्ज; हिस्ट्रीशीटर समेत 3 बदमाश फरार चाकू से युवक की हत्या मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार:अब तक तीन पकड़े, 2 हिस्ट्रीशीटर फरार; आपसी विवाद में किया था मर्डर दो हत्यारों पर 10-10 हजार का इनाम घोषित:उदयपुर में चाकुओं से किया था युवक का मर्डर; SP बोले- सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रहेगी