कोटा में रास्ते के विवाद को लेकर पड़ोसियों में झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर सरिए और लाठी से हमला कर दिया। खूनी संघर्ष में दोनों पक्ष के 8 लोग घायल हुए है। घटना आरकेपुरम थाना क्षेत्र के बोरबास इलाके की है। दोनों पक्ष शिकायत देने थाने पहुंचे है। आरकेपुरम थाना थाना सीआई महेंद्र मारू ने बताया कि दोनों आपस में पड़ोसी हैं और आमने-सामने मकान है। रास्ते के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत दी है। मामले की जांच की जा रही है। घर में घुसकर हमला किया एक पक्ष के महेंद्र ने बताया कि गांव में गाय भैंस के बाड़े के पास 3 हाथ जमीन पर उनका कब्जा है। कुछ लोग जबरन उस जमीन पर कब्जा करना चाहते है। जमीन को लेकर पहले भी झगड़ा हुआ था, जिसकी शिकायत पुलिस को की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज सुबह साढ़े 7 बजे के आस-पास धर्मा, किशन, रामलाल सहित कई लोगों ने भूराराम के घर में घुसकर हमला कर दिया। आरोपियों ने सरिए और लाठी से भूराराम व उसके भाइयों दिनेश, शिवराज नानूराम पर ताबड़तोड़ वार किए। उसके बाद मौके से फरार हो गए। रास्ते में मेरे बड़े भाई राजू को भी घेर लिया। उसके साथ भी सरिए और लाठी से मारपीट की। हमले मे राजू के सिर, हाथ पैर और दिनेश, शिवराज और नानूराम भूराराम के सिर में चोट लगी। राजू को न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती करवाया है। जमीन को लेकर पड़ोसियों में विवाद दूसरे पक्ष के धर्मा ने बताया कि उसका जमीन को लेकर पड़ोसियों से विवाद चल रहा है। आज सुबह भतीजा जगदीश काम करके बोरबास स्थित घर लौट रहा था। रास्ते में दिनेश, भूराराम, नानू, शिवराज, राजू सहित अन्य ने जगदीश की बाइक रुकवाई और सरिए, डंडे, पाइप से हमला कर दिया। पता लगने पर चचेरे भाई लक्ष्मण, हरि सिंह के साथ मौके पर गया। बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने हम पर भी हमला कर दिया। हमले में मेरी आंख पर चोट लगी जबकि भतीजे जगदीश व चचेरे भाई लक्ष्मण के सिर पर चोट लगी है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दी है।