भास्कर न्यूज | बाड़मेर सहकार सप्ताह के तहत दी बाड़मेर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के प्रधान कार्यालय व शाखाओं में एआई एवं तकनीकी दिवस मनाया गया। बैंक मुख्य प्रबंधक अमराराम पटेल ने बताया कि केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के गठन के 5 साल पूरे होने पर सहकारिता विभाग 29 जून से 6 जुलाई तक सहकार सप्ताह मना रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को बैंक के प्रधान कार्यालय और शाखाओं के कर्मचारियों, अधिकारियों ने एआई और तकनीक पर संवाद कार्यक्रम किया। पटेल ने बैंकिंग का नया चेहरा- एआई तकनीक या मानव संसाधन विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने नई तकनीक अपनाने, डाटा विश्लेषण, डाटा सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, ग्राहक प्रबंधन, स्टाफ प्रशिक्षण, स्पीड, दक्षता, कार्यकुशलता में एआई और तकनीक के उपयोग पर बात रखी। उन्होंने सावधानियों पर भी प्रकाश डाला। बैंक शाखा प्रबंधकों ने तकनीकी टूल व हार्डवेयर अपडेट करने की जरूरत बताई। बदलते परिदृश्य में कार्मिकों के प्रशिक्षण की आवश्यकता भी जताई।