जोधपुर के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में फर्स्ट ग्रेड टीचर और अन्य सरकारी विभागों में नौकरी लगवाने के नाम पर एक टीचर से 4 लाख 50 हजार रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने 3 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथी टीचर ने जाल में फंसाया चौपासनी स्कूल, रॉयल्टी नाका निवासी पूर्णिमा चौहान पत्नी खीव सिंह चौहान ने बताया कि वह गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ाती है। 2023 में उनके साथ स्कूल में पढ़ाने वाली साथी टीचर रेखा राठी ने उन्हें झांसे में लिया। रेखा ने दावा किया कि उसकी शिक्षा विभाग और अन्य सरकारी विभागों में अच्छी पैठ है और उसके जानकार दिलीप तथा मेहताब रुपए लेकर सरकारी नौकरी लगवाते हैं। एडवांस के नाम पर लिए 1 लाख रुपए पीड़िता के अनुसार, तीनों आरोपियों ने उसे फर्स्ट ग्रेड टीचर के पद पर नौकरी लगवाने का झूठा आश्वासन दिया और एडवांस के तौर पर 1 लाख रुपए मांगे। दिसंबर 2023 में पूर्णिमा ने अशोक वाटिका एयरफोर्स क्षेत्र में अपने पिता के सामने आरोपी दिलीप को 1 लाख रुपए नकद दे दिए। रुपए लेने के बाद आरोपियों ने नौकरी का फॉर्म भरवाकर OMR शीट फोन नंबर पर भेजने को कहा। इसके बाद जल्द नौकरी लगाने और सेटिंग का बहाना बनाकर किस्तों में नकद व फोन पे के जरिए कुल 4.50 लाख रुपए ऐंठ लिए। शिक्षिका के पास बैंक स्टेटमेंट और व्हाट्सएप चैट के सबूत मौजूद हैं। पैसे मांगने पर किया मना, अब कानूनी शिकंजा लंबे समय तक नौकरी नहीं लगने पर जब पीड़िता ने रुपए वापस मांगे, तो आरोपी टालमटोल करने लगे। जून 2026 में आरोपियों ने स्पष्ट रूप से पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने कोर्ट की शरण ली और मामला दर्ज करवाया। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है।