जालोर में गुरु पूर्णिमा पर बुधवार को श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। सुबह 5 बजे से ही शहर के प्रमुख मंदिरों, मठों और शिवालयों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। भक्तों ने अपने गुरुओं के चरणों में वंदन कर पूजा-अर्चना की, नारियल और भेंट अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग सुबह करीब 9 बजे भैरूनाथ अखाड़ा पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से जारी गुरु वंदन संदेश का वाचन कर महंत गंगानाथ महाराज को संदेश पत्र भेंट किया और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे लेटा स्थित पिपलेश्वर मठ पहुंचे, जहां महंत रछोड़ भारती महाराज को भी मुख्यमंत्री का संदेश सौंपते हुए भेंट-पूजा अर्पित की। मंदिरों और मठों को फूल-मालाओं से सजाया शहर के भैरूनाथ अखाड़ा, सिरे मंदिर, लेटा मठ, हल्देश्वर मठ, जागनाथ मठ और मल्केश्वर मठ सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मंदिरों और मठों को फूल-मालाओं से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर गुरु महिमा का गुणगान किया, जबकि श्रद्धालु जयकारों के साथ गुरु दर्शन के लिए पहुंचते रहे। आरती में उमड़ी भीड़ कन्यागिरी स्थित सिरे मंदिर में जलंधरनाथ महादेव और गुरु पीर शांतिनाथ महाराज के दर्शन के लिए सुबह आरती के समय विशेष भीड़ उमड़ी। श्रद्धालु जयकारों के साथ दर्शन करते नजर आए। भीनमाल विधायक को भी भगवान के दर्शन के लिए करीब आधा घंटा कतार में इंतजार करना पड़ा। श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद प्राप्त किया गुरु पूर्णिमा पर भैरूनाथ अखाड़ा में महंत गंगानाथ महाराज, हल्देश्वर मठ में मोहन नाथ महाराज, पिपलेश्वर मठ (लेटा) में रछोड़ भारती महाराज, जागनाथ मठ में महेंद्र भारती महाराज और मल्केश्वर मठ में सेवा भारती महाराज सहित विभिन्न संत-महात्माओं का पूजन कर श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद प्राप्त किया। जिलेभर में दिनभर धार्मिक आयोजन, पूजा-अर्चना और गुरु वंदन के कार्यक्रम श्रद्धा पूर्वक संपन्न हुए।